बलिया (उप्र), 12 जून (भाषा) राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में छपरा एक्सप्रेस ट्रेन पर जांच अभियान के दौरान एक आभूषण व्यापारी से 36.25 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद की। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जीआरपी पुलिस क्षेत्राधिकारी सविरत्न गौतम ने कहा कि बलिया जीआरपी की एक टीम बृहस्पतिवार को लखनऊ के गोमती नगर से बिहार के छपरा तक जाने वाली ट्रेन संख्या 15054 छपरा एक्सप्रेस पर जांच कर रही थी, तभी उन्होंने स्लीपर कोच में एक व्यक्ति को लाल बैग ले जाते हुए देखा।
उन्होंने बताया कि यात्री की पहचान गाजीपुर जिले के कोतवाली पुलिस थाने के अंतर्गत नवाब साहब का फाटक क्षेत्र के निवासी संचित अग्रवाल के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को उसके बैग से 36.25 लाख रुपये बरामद हुए। अधिकारी ने कहा कि अग्रवाल कथित तौर पर नकदी के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने या इसके लिए कोई वैध दस्तावेज पेश करने में विफल रहा।
पूछताछ के दौरान, अग्रवाल ने दावा किया कि उसकी ग़ाज़ीपुर के सैन बाज़ार में एक आभूषण की दुकान है और वह नकदी छपरा कचहरी स्टेशन के पास एक अन्य आभूषण की दुकान पर पहुंचाने के लिए ले जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि जीआरपी ने वाराणसी में आयकर विभाग की जांच इकाई को सूचित कर दिया है, जो मामले की जांच कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर गोला
गोला