संत कबीर नगर कचहरी में एक परिवार ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिसकर्मियों ने रोका

Ads

संत कबीर नगर कचहरी में एक परिवार ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिसकर्मियों ने रोका

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 04:18 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 04:18 PM IST

संत कबीर नगर (उप्र), 29 जुलाई (भाषा) संत कबीर नगर जिले में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के परिसर में एक परिवार के चार सदस्यों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते उन्हें बचा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुशील कुमार सिंह ने बताया कि खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के दिघा गांव का रहने वाला बलराम गुप्ता अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ कचहरी पहुंचा था और आरोप है कि उसने खुद पर और अपने परिवार के सदस्यों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि कचहरी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें रोक दिया।

सिंह ने बताया कि खलीलाबाद के बरदहिया बाजार में फल और जूस बेचने वाले गुप्ता ने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासी बंटी शर्मा और विजय ठाकुर उनसे जबरन वसूली की मांग कर रहे थे और पैसे न देने पर कई बार उनकी पिटाई की गई।

गुप्ता ने दावा किया कि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और यहां तक कि प्रदेश के मुख्यमंत्री से शिकायत करने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसकी वजह से उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।

एएसपी ने कहा कि गुप्ता की शिकायत पर जांच की जा रही है और उसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब