सहारनपुर (उप्र), दो अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज के अकाउंटेंट तथा जिम संचालक ने सिर में गोली मार कर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि सरसावा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत सलेमपुर निवासी 55 वर्षीय जिम संचालक और एक डिग्री कालेज में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत देवदत्त शर्मा ने शनिवार देर शाम सिर पर गोली मारकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर जिम में कसरत करने वाले कई युवक ओर पास-पड़ोस के लोग वहां एकत्र हो गये और आनन-फानन में देवदत्त को उपचार के लिये पिलखनी स्थित मेडिकल कालेज ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि यह कदम उठाने से पहले देवदत्त ने अपनी भांजी के व्हाटसअप पर अपना सुसाइड नोट लिखा और अपनी कुछ इच्छाएं भी व्यक्त की हैं।
उन्होंने बताया कि कथित व्हाट्सएप मैसेज में देवदत्त ने कहा कि अब अपमान सहन नहीं होता, बार-बार मरने से बेहतर है कि एक ही बार मर जाएं।
सूत्रों के मुताबिक देवदत्त ने व्हाट्सएप संदेश में यह भी लिखा है कि वह चाहता है कि उसकी आत्मा की शान्ति के लिये कोई धार्मिक आयोजन न किया जाये और उसकी आत्मा भटकती रहे। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप संदेश में देवदत्त ने यह भी कहा है कि उसके मृत शरीर से उसकी पत्नी को दूर रखा जाए।
सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस इन सभी पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं सलीम रंजन
रंजन