देवरिया, 16 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सिसई रेलवे ढाले के पास बृहस्पतिवार सुबह एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसके दोनों पैर कट गए।
गंभीर रूप से घायल महिला को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के देवरिया-भटनी रेल खंड पर सिसई ढाले के निकट महिला तड़के ट्रेन की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल महिला पटरियों पर गिरी रही और सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा।
खुखुंदू थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि जब महिला को अस्पताल ले जाया गया, वह जीवित थी लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
सिंह के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर मनीषा अविनाश
अविनाश