सुलतानपुर में सड़क हादसे में चिकित्सक की मौत, दो अन्य घायल

सुलतानपुर में सड़क हादसे में चिकित्सक की मौत, दो अन्य घायल

सुलतानपुर में सड़क हादसे में चिकित्सक की मौत, दो अन्य घायल
Modified Date: August 25, 2026 / 12:20 pm IST
Published Date: August 25, 2026 12:20 pm IST

सुलतानपुर (उप्र), 25 अगस्त (भाषा) सुलतानपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक चिकित्सक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार देर रात दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे गभड़िया निवासी डॉ. अख्तर (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सर्जन डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और डॉ. राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, तीनों चिकित्सक अमहट स्थित एक निजी नर्सिंग होम में मरीज का ऑपरेशन करने के बाद दरियापुर स्थित एक अस्पताल जा रहे थे, जहां उन्हें एक अन्य गंभीर मरीज का ऑपरेशन करना था। मरीज की हालत को देखते हुए वे जल्दी पहुंचना चाहते थे।

उन्होंने बताया कि प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर दरियापुर ओवरब्रिज के पास ओवरटेक करते समय कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। टक्कर बहुत भीषण थी। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में