इटावा में खड़े ट्रक से टकराई डबल डेकर बस, चालक-परिचालक की मौत तथा 27 यात्री घायल

Ads

इटावा में खड़े ट्रक से टकराई डबल डेकर बस, चालक-परिचालक की मौत तथा 27 यात्री घायल

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 03:31 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 03:31 PM IST

इटावा (उप्र), आठ जुलाई (भाषा) इटावा जिले में बुधवार सुबह एक निजी डबल डेकर बस के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के कारण चालक तथा परिचालक की मौत हो गई और 27 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कानपुर-इटावा-आगरा राजमार्ग पर आईटीआई ओवरब्रिज के पास हुई जब वाराणसी से दिल्ली जा रही एक निजी डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अभय नारायण राय ने बताया कि हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में फंसकर चालक प्रेम (35) तथा परिचालक दीपक (21) की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर दोनों के शव बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

राय ने बताया कि बस में कुल 45 यात्री सवार थे। हादसे में घायल हुए 27 यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बस चालक को संभवत: झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को राजमार्ग से हटवा दिया गया है और यातायात सामान्य कर दिया गया है।

भाषा सं. सलीम खारी

खारी