महाराष्ट्र के विधानसभाध्यक्ष ने आदित्य ठाकरे से पूछा, क्या आप ‘दैवीय आपदा’ को रोक सकते हैं

Ads

महाराष्ट्र के विधानसभाध्यक्ष ने आदित्य ठाकरे से पूछा, क्या आप ‘दैवीय आपदा’ को रोक सकते हैं

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 03:39 PM IST

मुंबई, आठ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में भारी बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं को लेकर ‘दैवीय आपदा’’ वाली टिप्पणी पर विधानसभा में अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और शिवसेना (उबाठा) विधायक आदित्य ठाकरे के बीच बुधवार को बहस हो गई।

विपक्षी सदस्यों ने बारिश से जुड़े हालात पर चर्चा शुरू करने में हो रही देरी का विरोध करते हुए कहा कि यह सदन के समक्ष सबसे महत्वपूर्ण और तत्काल उठाया जाने वाला मुद्दा है।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि इस विषय पर अल्पकालिक चर्चा बृहस्पतिवार को कराई जाएगी। हालांकि, उन्होंने मानसून से जुड़ी आपदा के लिए जलवायु परिवर्तन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इसे नियंत्रित नहीं किया जा सकता।

इस पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक आदित्य ठाकरे ने सवाल किया, ‘‘क्या मैंग्रोव और जंगलों की कटाई पर कोई बहस होगी? क्या आप कहेंगे कि यह दैवीय घटना थी?’’

विधानसभा अध्यक्ष ने पूछा कि क्या आदित्य ठाकरे ‘‘दैवीय आपदा’’ को नियंत्रित कर सकते हैं। इसके बाद ठाकरे ने अयोध्या में राम मंदिर के चढावे में हेराफेरी का मुद्दा उठाया।

इसके चलते विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्य नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरे, लोगों की मौत हुई, जलजमाव हुआ और सड़क, रेल व हवाई यातायात बाधित हुआ।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश