झांसी (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रेमनगर क्षेत्र में पांच दिन पहले 21 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस कांस्टेबल समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जांच में सामने आया है कि यह घटना नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़ी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पीड़ित परवेज अली रविवार शाम नागरा हाट मैदान में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था।
कुमार ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई। इसके बाद विजय नगर निवासी उसके पिता अहसान अली की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि हत्या का संबंध नशीले पदार्थों की आपूर्ति से था।’’
उन्होंने बताया कि परवेज कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री/आपूर्ति से जुड़ा था और उसके खिलाफ जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थों की आपूर्ति से संबंधित एक मामला लंबित था।
कुमार के अनुसार ‘‘रविवार शाम परवेज नशीले पदार्थों की आपूर्ति से संबंधित बातचीत के लिए सुखुवा-दुखुवा कॉलोनी गया था। वहां करीब 10-12 लोग, जिनमें एक पुलिस कांस्टेबल भी शामिल था। वे दो कारों से पहुंचे और उसे नशीले पदार्थों से संबंधित बातचीत के लिए एक कार के अंदर ले गए।’’
उन्होंने बताया, ‘‘हालांकि, जब परवेज ने उन्हें वीडियो बनाते हुए देखा तो उसे शक हुआ कि वे उसे फंसाने या गिरफ्तार कराने की योजना बना रहे हैं। अपनी पहचान उजागर होने के डर से उसने उनका विरोध किया, जिसके बाद कार के अंदर ही मारपीट शुरू हो गई।’’
अधिकारी ने कहा कि इस झड़प में परवेज गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद हमलावर उसे खून से लथपथ हालत में मैदान में छोड़कर वहां से फरार हो गए।
कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच पांच महिला पुलिस अधिकारियों की टीम ने की। जांच के बाद बृहस्पतिवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस कांस्टेबल आशीष सिंह (30), जो बांदा का रहने वाला है और प्रेमनगर थाने में तैनात है, शनि नामदेव (24), जय श्रीवास्तव (24) और साहिल मिश्रा (21), जो जुगियाना के निवासी हैं, प्रियंशु सोनी (30), निवासी घासमंडी, भूपेंद्र वंशकार (23), निवासी बंगला घाट, यश शिवहरे (23), निवासी मंडी रोड, और अरशिल खान (20), निवासी तलैया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के स्थानीय सामाजिक संगठन से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भाषा सं जफर शोभना
शोभना