लखनऊ, चार मई (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में रुझान आने के बाद कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनावों के ‘ऐतिहासिक परिणाम’ के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा-राजग गठबंधन का पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ना इसी अगाध विश्वास का सुफल है।
उन्होंने कहा कि जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री जी के ‘नए भारत-विकसित भारत’ के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा।”
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक विजय के लिए भाजपा की बंगाल, असम और पुडुचेरी इकाई के सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई।
आदित्यनाथ ने कहा कि सुशासन और राष्ट्रवाद को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाली जनता-जनार्दन का हृदय से आभार और अभिनंदन।
भाषा जफर
संतोष
संतोष