‘एक्सपायरी’ के दिन वायदा-विकल्प निपटान मूल्य से जुड़ी चिंताओं को दूर करेगा सेबी

Ads

‘एक्सपायरी’ के दिन वायदा-विकल्प निपटान मूल्य से जुड़ी चिंताओं को दूर करेगा सेबी

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 05:09 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 05:09 PM IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) पूंजी बाजार नियामक सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने मंगलवार को कहा कि नियामक वायदा-विकल्प अनुबंधों की समाप्ति (एक्सपायरी) के दिन उनके निपटान मूल्य और इससे जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर बाजार की चिंताओं को दूर करेगा।

बाजार प्रतिभागियों की चिंताओं को दूर करने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने इस महीने की शुरुआत में एक परामर्श पत्र जारी किया था। इसमें एक्सपायरी के दिन सूचकांक और एकल शेयर वायदा-विकल्प के निपटान मूल्य तय करने के तौर-तरीकों में प्रस्तावित बदलावों पर सार्वजनिक टिप्पणियां मांगी गई थीं।

इन प्रस्तावों में वायदा-विकल्प के निपटान मूल्य को नकद बाजार के समापन मूल्य से अलग करना, समापन नीलामी सत्र (सीएएस) के दौरान सांकेतिक सूचकांक मूल्यों के सीधे प्रसारण को बंद करना और निश्चित प्रतिशत के दायरे से बाहर दिए गए ऑर्डर को अधिक बाध्यकारी बनाना शामिल है।

पांडेय ने 11वें जेपी मॉर्गन इंडिया सम्मेलन में कहा, ‘‘एक महत्वपूर्ण बाजार ढांचागत सुधार के रूप में समापन नीलामी सत्र को सफलतापूर्वक स्थापित करने के बाद, अब हमारा इरादा एक्सपायरी के दिन वायदा-विकल्प के निपटान मूल्य और अन्य संबंधित मुद्दों को लेकर चिंताओं का समाधान करना है।’’

उन्होंने कहा कि इस पर सार्वजनिक टिप्पणियां आमंत्रित करने के लिए एक परामर्श पत्र पहले ही जारी किया जा चुका है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय