उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नकली बेसन जब्त, व्यापार चिह्न अधिनियम के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नकली बेसन जब्त, व्यापार चिह्न अधिनियम के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज
शाहजहांपुर (उप्र), एक जुलाई (भाषा) शाहजहांपुर जिले में एक मिल पर छापेमारी के बाद करीब 32 लाख रुपये मूल्य का नकली बेसन और भारी मात्रा में दालें जब्त की गई हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि दिल्ली की एक कंपनी द्वारा उनके ब्रांड नाम का दुरुपयोग कर नकली बेसन बेचने का आरोप लगाए जाने के बाद यह छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने चार खंभा इलाके में स्थित मिल पर छापा मारा और इस दौरान वहां से संबंधित कंपनी के ब्रांड नाम वाले पैकेट में नकली बेसन की एक बड़ी खेप बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही उसी ब्रांड के करीब 200 खाली पैकेट भी बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए नकली बेसन की कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है और छापेमारी के दौरान बोरियों में बंद भारी मात्रा में दालें भी बरामद हुई हैं।
वाजपेयी ने कहा कि जब्त किए गए बेसन और दालों के नमूने ले लिए गए हैं और बाकी भंडार को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद अगले स्तर की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं और व्यापार चिह्न अधिनियम के तहत आरोपी अनुराधा अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी

Facebook


