मेरठ में आवारा कुत्तों के हमले में किसान की मौत

Ads

मेरठ में आवारा कुत्तों के हमले में किसान की मौत

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 08:05 PM IST

मेरठ, 12 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में गन्ने के खेत में काम कर रहे एक किसान की आवारा कुत्तों के कथित हमले के बाद मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, किठौली गांव निवासी लक्ष्मी सैनी (55) मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपने खेत में गए थे। शाम करीब चार बजे तक जब वह घर नहीं लौटे तो उनके बड़े बेटे जितेंद्र ने अपने बेटे ईशांत को उनकी तलाश में खेत पर भेजा।

ईशांत ने कथित तौर पर अपने दादा को जमीन पर पड़ा देखा और उनके आसपास आवारा कुत्तों का झुंड था। उसने शोर मचाया और गांव की ओर भागा।

इसके बाद परिजन और ग्रामीण लाठियां लेकर खेत पहुंचे, जिसके बाद कुत्ते वहां से भाग गए।

पुलिस ने बताया कि सैनी मृत पाए गए और उनके शरीर पर कुत्तों के काटने से लगी चोटों के निशान थे।

इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और वे किसानों तथा बच्चों के लिए खतरा बने हुए हैं। बताया गया कि ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी रोक दिया।

सरधना के क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को शुरुआत में सूचना मिली थी कि सैनी पर कुछ जंगली जानवरों ने हमला किया है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग तथा स्थानीय प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने कहा कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत