तीस प्रतिशत वजीफा बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर एपीजेयूडीए की हड़ताल जारी

Ads

तीस प्रतिशत वजीफा बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर एपीजेयूडीए की हड़ताल जारी

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 08:04 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 08:04 PM IST

अमरावती, 12 जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। डॉक्टर 30 प्रतिशत वजीफा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा वे एमएससी और पीएचडी के लिए भर्ती तथा सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने के प्रस्ताव का भी विरोध कर रहे हैं।

आंध्र प्रदेश जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (एपीजेयूडीए) ने कहा कि सरकार ने 30 प्रतिशत बढ़ोतरी की उनकी मांग के मुकाबले केवल तीन प्रतिशत वजीफा बढ़ाने की पेशकश की है, जिसे संगठन ने ‘अस्वीकार्य’ बताया है।

एपीजेयूडीए ने कहा, ‘‘हम 30 प्रतिशत वजीफा बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल जारी रखे हुए हैं। साथ ही हम एमएससी और पीएचडी के लिए भर्ती तथा सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करने के प्रस्ताव का भी विरोध कर रहे हैं।’’

एसोसिएशन ने मंगलवार को घोषणा की थी कि हड़ताल का दूसरा चरण 12 अगस्त से जारी रहेगा। इसके तहत राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों और शिक्षण अस्पतालों में इंटर्न, जूनियर रेजिडेंट, स्नातकोत्तर छात्र, सुपर-स्पेशियलिटी स्नातकोत्तर छात्र, डीआरपी के तहत तैनात स्नातकोत्तर छात्र, परिधीय तैनाती वाले चिकित्सक और सीनियर रेजिडेंट सभी गैर-आपातकालीन सेवाओं से पूरी तरह अलग रहेंगे।

इन सेवाओं में चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई (एमआईसीयू), शल्य चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई (एसआईसीयू), बाल गहन चिकित्सा इकाई (पीआईसीयू), नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू), आकस्मिक एवं आपातकालीन सेवाएं तथा प्रसव संबंधी आपातकालीन प्रक्रियाएं शामिल हैं।

एपीजेडीयूडीए के सदस्य बुधवार से सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक स्वैच्छिक क्रमिक भूख हड़ताल भी कर रहे हैं।

एसोसिएशन ने कहा कि हड़ताल के अगले चरणों में किए जाने वाले बदलावों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश