बांदा (उप्र), 27 मई (भाषा) महोबा जिले में महोबकंठ थानाक्षेत्र के पिपरी गांव में खेत में खड़ी फसल की रखवाली कर रहे एक किसान को अज्ञात हमलावरों ने कथित रूप से लाठी से पीट-पीट कर मार डाला। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कुलपहाड़ क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रविकांत गोंड ने बताया कि पिपरी गांव में किसान हर नारायण राजपूत (54) सोमवार रात करीब आठ बजे घर से खाना खाने के बाद मूंग की फसल की रखवाली करने गये थे तथा मंगलवार शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पर गए, जहां उनका शव पड़ा मिला।
उन्होंने बताया कि किसान के परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
सीओ ने बताया कि हर नारायण की पत्नी सुनीता की तहरीर के आधार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि किसान के शरीर में लाठी-डंडों से चोट पहुंचाने के निशान हैं और उनके हाथ एवं पैर की हड्डियां टूटी पाई गई हैं। पुलिस घटना का खुलासा करने में जुटी है।
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार