भाजपा सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार : अखिलेश यादव

Ads

भाजपा सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार : अखिलेश यादव

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 06:44 PM IST

लखनऊ, 12 अप्रैल (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में किसान उपेक्षा का शिकार है और असमय बारिश, आंधी तथा ओलावृष्टि से प्रदेशभर में फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

सपा के राज्य मुख्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार यादव ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर, हाथरस, अयोध्या, मेरठ, पीलीभीत, मथुरा, हरदोई, सोनभद्र और श्रावस्ती सहित अनेक जिलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बारिश के कारण किसानों का गेहूं भीगकर खराब हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि फसलें गिरकर नष्ट हो गईं, लेकिन अब तक किसानों को कोई मुआवजा या राहत नहीं मिली है। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य मंत्री केवल खोखली घोषणाएं और हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर किसानों को कोई सहायता नहीं पहुंची है।

सपा प्रमुख के अनुसार, फसल नुकसान के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। एक ओर खेती की बढ़ती लागत और दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी स्थिति और गंभीर बना दी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की फसलों की खरीद नहीं हो रही है और उन्हें उचित मूल्य भी नहीं मिल रहा है।

यादव ने आलू के किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मंडियों की व्यवस्था को कमजोर कर दिया, जबकि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान नयी मंडियों के निर्माण पर काम किया जा रहा था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के हित में कार्य कर रही है और किसानों की अनदेखी कर रही है।

यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का किसान आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा।

भाषा

आनन्द रवि कांत