हरदोई (उप्र), 17 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को कथित तौर पर एक व्यक्ति की उसके दामाद ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि ससुर की बहन हमले में घायल हो गयी । पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज के मोहल्ला विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने (50) मंगलवार को अपनी बहन अलका के साथ हनुमत धाम रामताल मंदिर पर प्रसाद चढ़ाकर वापस मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव के पास एक नहर के किनारे, हथौड़ा गांव के ही दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू ने कथित तौर पर उन्हें रोका। पुलिस ने बताया कि घटना का सटीक कारण अभी ज्ञात नहीं है।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर अशोक बाबू पर हॉकी स्टिक से हमला किया और उनके सिर और शरीर पर बार-बार प्रहार किए। पीड़ित मौके पर ही गिर पड़े, जबकि उनकी बहन इस घटना में घायल हो गईं।
पुलिस ने बताया कि अशोक बाबू को फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शाहबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक राज नारायण ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द रंजन
रंजन