विएना, सात सितंबर (एपी) सीरिया में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासनकाल के दौरान बनाया जा रहा एक परमाणु रिएक्टर इस तरह तैयार किया गया था कि उससे परमाणु हथियारों में इस्तेमाल होने वाली विखंडनीय सामग्री बनाई जा सकती थी। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ग्रॉसी ने कहा कि असद के नेतृत्व वाले शासन के दौरान निर्माणाधीन परमाणु रिएक्टर की ‘बनावट’ और ‘तकनीकी विशेषताएं’ ऐसी थीं, जो परमाणु हथियारों के निर्माण में सीधे इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री के उत्पादन के लिए बेहद प्रभावी थीं।
उन्होंने वियना में आईएईए शासी परिषद की नियमित बैठक के पहले दिन पत्रकारों से कहा, “बेशक, इसकी कभी घोषणा नहीं की गई और हमेशा इससे इनकार किया जाता रहा। इसलिए किसी की मंशा का आकलन नहीं किया जा सकता, लेकिन यह परमाणु प्रसार को लेकर हमारी एक बेहद गंभीर चिंता थी और इस पर काम करना काफी कठिन रहा है।”
सीरिया में असद शासन के दौरान एक व्यापक अघोषित परमाणु कार्यक्रम चलाए जाने की आशंका थी।
इसमें पूर्वी दीर अल-जोर प्रांत में उत्तर कोरिया द्वारा बनाया गया एक परमाणु रिएक्टर भी शामिल था।
असद के सत्ता से हटने के बाद, सीरिया की नई सरकार ने आईएईए निरीक्षकों को संदिग्ध पूर्व परमाणु स्थलों तक पहुंच की अनुमति देने पर सहमति जताई।
एपी जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत