उप्र : दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, तीन घायल
उप्र : दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, तीन घायल
मथुरा (उप्र), 17 जून (भाषा) जिले में दिल्ली–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोसीकलां थाना क्षेत्र की कोटवन पुलिस चौकी के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मानेसर निवासी रमाशंकर (55) अपने परिवार के साथ मारुति वैगन आर कार से सिरसागंज (इटावा) में भतीजी की गोद भराई की रस्म में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे एक वाहन से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चला रहे रमाशंकर और उनके पुत्र अमन (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार रमाशंकर की पत्नी शकुंतला, बड़ा पुत्र अभिषेक और एक पारिवारिक मित्र पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण नींद की झपकी आना या आगे चल रहे वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाना माना जा रहा है, जिससे तेज रफ्तार में कार चला रहे रमाशंकर नियंत्रण खो बैठे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा

Facebook


