महोबा (उप्र), 12 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और उनके अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की तहरीर पर 11 और 12 मई की दरमियानी रात को महोबा शहर कोतवाली में दर्ज किया गया।
हमीरपुर-महोबा सीट से सपा सांसद लोधी पर आरोप है कि उन्होंने सोमवार को बिजली विभाग से संबंधित एक ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपशब्द का प्रयोग किया था।
सूत्रों के मुताबिक तहरीर में कहा गया है कि प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द का प्रयोग किए जाने से भावनाएं आहत हुई हैं।
भाषा सलीम वैभव शोभना
शोभना