नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त होने पर, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संगठन और राष्ट्र की सेवा करने का एक और मौका देने के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया।
ईरानी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर सेवा करने की जिम्मेदारी मिलने तक का यह सफर बेहद विनम्रता से भरा रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी तथा संगठन और राष्ट्र की सेवा करने का एक और मौका दिया।’’
ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प सिर्फ भविष्य की एक सोच नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता है।
उन्होंने कहा कि इस संकल्प में योगदान देना जिम्मेदारी और सौभाग्य, दोनों है।
ईरानी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए संगठन में हर जिम्मेदारी ‘‘सबसे पहले’’ सेवा करने का एक अवसर होती है, जो ‘‘राष्ट्र प्रथम’’ के सिद्धांत से प्रेरित होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसी भावना और हमारे वरिष्ठ नेतृत्व के निरंतर मार्गदर्शन के साथ, मैं नयी प्रतिबद्धता के साथ यह जिम्मेदारी संभालने, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और राष्ट्र-निर्माण व मां भारती की सेवा के बड़े मिशन में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।’’
ईरानी ने कहा, ‘‘मैं देश भर में अपने सभी सहयोगियों और नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।’’
भाषा सुभाष वैभव
वैभव