दौसा, 17 अगस्त (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में कथित अवैध वसूली, ट्रैक्टर जब्त किए जाने और चालकों को परेशान करने के विरोध में सोमवार को स्थानीय निवासियों के एक वर्ग ने ट्रैक्टर रैली निकाली।
यह समूह ट्रैक्टर लेकर गुप्तेश्वर रोड पर एकत्र हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें शहर की ओर जाने से रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को रैली स्थगित करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी रैली निकालने की मांग पर अड़े रहे।
ट्रैक्टर रैली को शहर में प्रवेश करने से रोकने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल मीणा, जिला परिवहन अधिकारी संजीव भारद्वाज और सहायक खनन अभियंता एलसी मीणा सहित अन्य अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए मौके पर पहुंचे।
रैली का नेतृत्व कर रहे निखिल जोरवाल ने आरोप लगाया कि अधिकारी मिट्टी को बजरी बताकर अवैध वसूली कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्रैक्टर जब्त किए जा रहे हैं, चालकों को परेशान किया जा रहा है और कथित तौर पर रिश्वत नहीं देने पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने के लिए एकजुट हुए हैं और मांगों पर कार्रवाई होने तक धरना जारी रखेंगे।
बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जिसमें प्रमुख तौर पर कथित अवैध वसूली रोकने तथा ट्रैक्टर चालकों और मालिकों को परेशान करने से रोकने की मांग की गई।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी