फर्जी आयुष्मान कार्ड रैकेट के आरोप में बरेली में पांच लोग गिरफ्तार

Ads

फर्जी आयुष्मान कार्ड रैकेट के आरोप में बरेली में पांच लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 10:36 PM IST

बरेली (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) बरेली में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने और सरकारी स्वास्थ्य योजना के तहत धन का दुरुपयोग करने वाले एक कथित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भोजीपुरा पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, 13 फर्जी आयुष्मान कार्ड, छह फर्जी आधार कार्ड, 22 फर्जी राशन कार्ड की फोटोकॉपी और 2,700 रुपये नकद बरामद किए।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्रा ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आबिद, सलमान, अरमान, अफरोज और देशराज के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर लोगों को मुफ्त इलाज का वादा करके उनके आधार और राशन कार्ड एकत्र किए एवं फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जाली विवरणों का इस्तेमाल किया।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने कथित तौर पर कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से भोजीपुरा के राम मूर्ति अस्पताल और अन्य अस्पतालों में अयोग्य लाभार्थियों के इलाज की सुविधा प्रदान की और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सरकार से धन प्राप्त किया।

अधिकारियों ने कहा कि गिरोह ने कथित तौर पर प्रत्येक फर्जी कार्ड के माध्यम से इलाज के लिए लाभार्थियों से लगभग 35,000-40,000 रुपये लिए और पैसा आपस में बांट लिया।

पुलिस ने कहा कि राम मूर्ति अस्पताल के एक कर्मचारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसकी पहचान नितिन के रूप में हुई है ।

पुलिस ने कहा कि मुरादाबाद निवासी नरेश संभल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में काम करता है, उसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को बुधवार सुबह अभयपुर और प्रह्लादपुर को जोड़ने वाली सड़क पर राम मूर्ति अस्पताल के लड़कों के छात्रावास के पीछे एक ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया गया।

यह मामला नवाबगंज क्षेत्र के देवरनिया जागीर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर 18 अगस्त को दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गिरोह के सदस्यों ने उसके और उसकी बेटी के आधार कार्ड में जालसाजी की और फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार