बरेली में कांवड़ियों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक व्यक्ति की मौत, 24 घायल

Ads

बरेली में कांवड़ियों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक व्यक्ति की मौत, 24 घायल

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 12:13 AM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 12:13 AM IST

बरेली (उप्र), 11 अगस्त (भाषा) बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में मंगलवार शाम को जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटने और फिर एक ऑटो के खाईं में गिर जाने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 23 कांवड़िये घायल हो गए। वहीं ट्रॉली से बचने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहा ऑटो खाई में गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक घायल हो गया।

बरेली जिले के थाना आंवला के किटोना गांव से 50 कांवड़ यात्रियों का जत्था हरिद्वार से जल लेकर सोमवार को गांव पहुंचा। इसके बाद मंगलवार को शिवरात्रि पर सभी शिवधाम गुलड़िया गौरीशंकर में जलाभिषेक करने गए थे। आज शाम करीब साढ़े छह बजे ये लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर वापस गांव लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक रामनगर-मऊ मार्ग पर रसूलपुर मोड़ के पास ट्रॉली अचानक एक तरफ पलट गई और ट्रॉली में बैठे 23 कांवड़ यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

इसी दौरान आंवला की ओर से गांव खनगांवा श्याम जा रहा एक आटो-टेम्पो ट्रॉली से बचने के प्रयास में खाई में पलट गया। बताया जा रहा है कि टेम्पो की टक्कर ट्रॉली के पिछले हिस्से से हुई। टेम्पो चालक रवि घायल हो गया जबकि उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई।

सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत उपाध्याय और निरीक्षक बीनू चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था।

उन्होंने बताया कि जेसीबी की मदद से ट्रॉली को हटाया गया और टेम्पो को खाई से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रामनगर ले जाया गया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला