उप्र: बरेली में आठवीं कक्षा की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

Ads

उप्र: बरेली में आठवीं कक्षा की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:45 PM IST

बरेली, 11 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बकरी चराने गई आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि एक आरोपी की पहचान हो गयी है जबकि दूसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को हुई।

उन्होंने बताया, “छात्रा अपने पड़ोस में रहने वाले आठ साल के लड़के के साथ बकरियां चरा रही थी। एक आरोपी अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा और दोनों लड़की को जबरन खींचकर एक खेत में ले गये।”

अधिकारी ने बताया, “छात्रा के साथ मौजूद लड़के ने घटना की जानकारी उसकी मां को दी, जो करीब आधा किलोमीटर दूर घास काट रही थीं। जब उसकी मां वहां पहुंचीं, तो दोनों आरोपी भाग चुके थे। बाद में छात्रा ने अपने परिवार को घटना के बारे में बताया।”

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर नवाबगंज थाने में सामूहिक दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें और विशेष अभियान समूह (एसओजी) को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान करने की भी कोशिश कर रही है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र