बरेली (उत्तर प्रदेश), 13 अगस्त (भाषा) बरेली जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से घायल हुई 10 वर्षीय बच्ची की बुधवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों का जिले के एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आंवला के क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि किटौना गांव से करीब 50 कांवड़िये तीन अगस्त को हरिद्वार से गंगाजल लेने गए थे और मंगलवार रात सभी श्रद्धालु गौरीशंकर धाम में जलाभिषेक करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान रामनगर-आंवला मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सामने से आ रहे एक ऑटोरिक्शा से टकरा गया।
उपाध्याय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से ऑटोरिक्शा सवार 32 वर्षीय आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 10 वर्षीय गुंजन उर्फ छोटी गंभीर रूप से घायल हो गई थी जिसने बुधवार रात अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र और अनिल का बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक नशे की हालत में था और तेज गति से वाहन चला रहा था तभी अचानक वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और सामने से आ रहे ऑटोरिक्शा से जा टकराई।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं सलीम खारी
खारी