आगरा में एक कार के पेड़ से टकराने के कारण पांच लोगों की मौत, चार अन्य घायल
आगरा में एक कार के पेड़ से टकराने के कारण पांच लोगों की मौत, चार अन्य घायल
आगरा (उप्र), 20 मार्च (भाषा) आगरा जिले में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई जिससे कार चालक व एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात चित्राहाट थाना क्षेत्र की है जब इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र निवासी परिवार के कई लोग कैला देवी के दर्शन कर बोलेरो से लौट रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रास्ते में कार पेड़ से टकरा गई जिससे पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कार चालक ऋषि (20), कामता प्रसाद (70), उनके बेटे देवेंद्र (35), पुत्रवधु सीमा (32) और तीन वर्षीय पौत्री आराध्य की मौत हो गई।
अग्रवाल ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार सैफई मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी

Facebook


