कुशीनगर में वन दरोगा पर लकड़ी ठेकेदार और उसके साथियों ने हमला किया

Ads

कुशीनगर में वन दरोगा पर लकड़ी ठेकेदार और उसके साथियों ने हमला किया

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 10:11 AM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 10:11 AM IST

कुशीनगर (उप्र), 24 मई (भाषा) कुशीनगर जिले के पडरौना शहर की छावनी में एक नोटिस देने पहुंचे वन दरोगा पर लकड़ी ठेकेदार और उसके साथियों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि वन दरोगा ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पडरौना ब्लॉक में तैनात वन दरोगा दिवाकर यादव शनिवार दोपहर छावनी में एक आरा मिल में अग्निशमन उपकरण लगाने संबंधी नोटिस देने पहुंचे थे और इसी दौरान उन्हें वहां लकड़ी से लदी एक ट्रॉली खड़ी दिखी।

उन्होंने बताया कि वन दरोगा ने ठेकेदार से लकड़ी का परमिट दिखाने को कहा तो दोनों में कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर वन दरोगा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और यादव किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले।

यादव ने कहा, ‘‘मैं नोटिस देने गया था। मैंने ट्रॉली पर लकड़ी देखकर परमिट मांगा तो मुझ पर हमला कर दिया गया।’’

उन्होंने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।

पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि वन दरोगा की तरफ से तहरीर मिली है।

उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल एवं आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष ने वन दरोगा पर वसूली का आरोप लगाया है और घटना की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द अमित सिम्मी

सिम्मी