कुशीनगर में गैस रिसाव के कारण घर में लगी आग, दो बच्चों समेत चार लोग झुलसे

Ads

कुशीनगर में गैस रिसाव के कारण घर में लगी आग, दो बच्चों समेत चार लोग झुलसे

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 07:20 PM IST

कुशीनगर (उप्र), 25 जून (भाषा) कुशीनगर जिले के फाजिलनगर में बृहस्पतिवार को एक मकान में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण लगी आग में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस हो गए।

पुलिस ने यहां बताया कि जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के पिपरा रज्जब के निवासी 35 वर्षीय प्रदीप यादव को मकान के रसोईघर में गैस निकलने की गंध महसूस हुई और इसी दौरान उसने लाइटर जला दिया जिससे पूरे घर में आग लग गई।

पुलिस ने बताया कि प्रदीप को बचाने के लिए उसकी पत्नी रीता, बेटा विराट और बेटी विनीता पहुंचे तो वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए।

पुलिस ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आए आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और सभी को फाजिलनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कालेज भेज दिया गया, जहां प्रदीप की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

इस संबंध में तुर्कपट्टी थाने के प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने गांव पहुंच कर स्थिति की जानकारी ली है।

उन्होंने बताया कि रीता, विराट और विनीता को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब

ताजा खबर