कुशीनगर में ग्राम प्रधान की पत्नी का शव शौचालय में मिला, जांच में जुटी पुलिस

Ads

कुशीनगर में ग्राम प्रधान की पत्नी का शव शौचालय में मिला, जांच में जुटी पुलिस

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 10:50 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 10:50 PM IST

कुशीनगर, चार जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में तरयासुजान थाना क्षेत्र के बेदुपार मुस्तकील गांव के प्रधान की पत्नी का जला हुआ शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के शौचालय से बरामद हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ग्राम प्रधान अवनीश कुशवाहा की पत्नी मंजू देवी (40) के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम प्रधान के घर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शौचालय में मंजू देवी का अधजला शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने बताया कि परिजनों ने प्रारंभिक तौर पर दावा किया कि मंजू देवी ने स्वयं को आग लगाकर जान दे दी, लेकिन वे इसके पीछे का कारण नहीं बता सके।

इस बीच, घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतका के भाई राजन ने तरयासुजान थाने में तहरीर देकर घटना पर संदेह जताया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तरयासुजान थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और मृत्यु का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएचओ ने कहा, “घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।”

भाषा

सं, आनन्‍द रवि कांत