मिर्जापुर (उप्र), 23 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सामने आने के बाद रविवार को विवाद हो गया, जिसमें वह उन्नाव में कथित रूप से राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम से जाते हुए दिख रहे हैं।
वीडियो में महाना को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद राष्ट्रगान शुरू होने की आवाज सुनाई दे रही है। इस दौरान महाना तिरंगे को सलामी देकर हाथ जोड़ते हैं और मंच से उतरकर कार में बैठकर वहां से रवाना होते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो पूरन नगर स्थित एसवीएम इंटर कॉलेज के आस्था सभागार का बताया जा रहा है, जहां महाना शनिवार को प्रधानाचार्य परिषद के अधिवेशन एवं शैक्षिक संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
महाना ने प्रधानाचार्यों और शिक्षाविदों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की और कहा कि शिक्षण संस्थान देश के विकास की नींव हैं और संस्थानों के मजबूत होने से देश मजबूत होगा।
वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।
उन्नाव जिला कांग्रेस कमेटी के नेता दिनेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष ने प्रोटोकॉल के तहत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ लिया और राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले गए।
उन्होंने सवाल किया, ”क्या यह राष्ट्रगान का अपमान नहीं है?”
दूसरी ओर, कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि जिस स्थान पर महाना मौजूद थे, राष्ट्रगान वहां से काफी दूरी पर चलाया गया था।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब