मथुरा में दो स्थानों पर यमुना में नहाते चार युवकों की डूबकर मौत

Ads

मथुरा में दो स्थानों पर यमुना में नहाते चार युवकों की डूबकर मौत

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 04:20 PM IST

मथुरा (उप्र), 19 मई (भाषा) मथुरा जनपद में दो अलग-अलग घटनाओं में यमुना में नहाते समय चार युवकों की डूबकर मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार सोमवार को बलदेव के सेहत गांव के समीप यमुना में नीचे नहाते समय तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

उसने कहा कि सूचना मिलने पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का दल मौके पर पहुंचा तथा पुलिस एव स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस के अनुसार सोमवार देर शाम उनमें से एक युवक अहले हसन (20) का शव बरामद हुआ तथा मंगलवार को आसू एवं डेविड के भी शव मिल गए। इन युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।

वृन्दावन कोतवाली प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि एक अन्य घटना में जुगल घाट पर स्नान करने आए मथुरा कोतवाली क्षेत्र के विष्णु पुरी के नितिन (32) सोमवार को डूब गये।

पाण्डेय के अनुसार नितिन के साथ नहाने आए उसके चचेरे भाई हिमांशु एवं पवन ने जब उसे डूबते देखा तो उन्होंने शोर मचाया। नाविकों ने नितिन को बचाने का प्रयास भी किया, किंतु वे विफल रहे।

थाना प्रभारी के अनुसार मंगलवार सुबह उसका शव देवरहा बाबा घाट के समीप मिला। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार