लखनऊ, 28 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली संकट ‘गुजरात मॉडल’ की विफलता को दर्शाता है।
अखिलेश ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में बृहस्पतिवार को कहा, ‘उप्र में ‘गुजरात मॉडल’ का ट्रांसफ़ॉर्मर जल गया है… ज़बरदस्ती जोड़े गये तारों में अब चिंगारी निकल रही है… मीटर बिना बिजली के दौड़ रहे हैं और भाजपाइयों के पीछे जनता।”
इसी पोस्ट में यादव ने सवाल उठाते हुए कहा “बड़ों-बड़ों के प्रशिक्षक ख़ुद ही फ़ेल हो गये हैं, उनके शिष्य का क्या? जनता पूछ रही है कि ये भाजपाई किसी समस्या के आने पर हाथ क्यों उठा देते हैं?”
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी के मौसम में हो रही बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर विपक्ष की आलोचना के बीच ये टिप्पणी आई है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की बिजली संकट को नियंत्रित करने में विफलता पर एक समाचार रिपोर्ट भी साझा की। शर्मा गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के दौरान पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी सेवा दे चुके हैं।
भाषा आनन्द मनीषा रंजन
रंजन