सोनभद्र में 2.41 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, छह लोग गिरफ्तार
सोनभद्र में 2.41 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, छह लोग गिरफ्तार
सोनभद्र (उप्र), 17 अगस्त (भाषा) सोनभद्र जिले में सोमवार को पुलिस ने दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 1.204 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत विशेष अभियान समूह (एसओजी) और चोपन पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान ये गिरफ्तारियां की गईं।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच के दौरान पुलिस ने बस्कटवा रेलवे पुल के पास दो कार को रोका।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों वाहनों की तलाशी के दौरान 1.204 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
वर्मा ने बताया कि बरामद हेरोइन की कीमत 2.41 करोड़ रुपये है, जबकि जब्त वाहनों और अन्य सामान समेत कुल बरामदगी की कीमत करीब 2.75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चोपन थाना क्षेत्र के निवासी आयुष जायसवाल (27), धर्मवीर (27), सुधीर (35), सूरज (26) और जितेंद्र (24) तथा सोनभद्र के अनपरा निवासी दीपक साहू (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर खारी
खारी

Facebook


