उप्र : नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने परीक्षा में कम अंक आने के बाद खुदकुशी की

Ads

उप्र : नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने परीक्षा में कम अंक आने के बाद खुदकुशी की

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 10:46 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 10:46 PM IST

हमीरपुर (उप्र), 20 जुलाई (भाषा) हमीरपुर जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर जहर खाकर खुदकुशी कर ली।

छात्रा के परिवार का दावा है कि नीट परीक्षा में अपेक्षित अंक न मिलने के कारण वह तनाव में थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार राठ कस्बे के दीवानपुरा इलाके की रहने वाली श्रुति साहू ने कथित तौर पर शनिवार देर रात कीटनाशक खा लिया।

उन्होंने बताया कि श्रुति को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर उरई के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवार को सौंप दिया गया है।

श्रुति के पिता महेंद्र पाल साहू ने बताया कि उनकी बेटी कानपुर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी और करीब दो महीने पहले ही घर लौटी थी।

उन्होंने कहा कि श्रुति एक होनहार छात्रा थी और उसने परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत की थी, लेकिन नीट में आवश्यक अर्हता अंक न मिलने से वह परेशान थी और इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।

पिछले महीने, गाजियाबाद में भी नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

इसी तरह एक अन्य मामले में, लखनऊ में नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा अपने फंदे से लटकी हुई मिली थी। उसके परिजन ने पुलिस को बताया था कि प्रश्न पत्र लीक के आरोपों के बीच तीन मई को हुई नीट-यूजी रद्द होने के बाद से वह अवसाद में थी।

भाषा सं. सलीम धीरज

धीरज