गोरखपुर में 1.4 करोड़ रुपये की ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ जब्त; पांच गिरफ्तार

गोरखपुर में 1.4 करोड़ रुपये की ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ जब्त; पांच गिरफ्तार

गोरखपुर में 1.4 करोड़ रुपये की ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ जब्त; पांच गिरफ्तार
Modified Date: August 20, 2026 / 08:52 pm IST
Published Date: August 20, 2026 8:52 pm IST

गोरखपुर (उप्र), 20 अगस्त (भाषा) गोरखपुर जिले में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बृहस्पतिवार को पांच कथित तस्करों को गिरफ्तार किया और लगभग 1.4 करोड़ रुपये की 3.85 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ (एक प्रकार का मादक पदार्थ) जब्त किया । पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ के सूरज सिंह और सत्यम सिंह, गुजरात के नवसारी के प्रिंस पटेल, सूरत के रत्नम त्रिवेदी और भावनगर के भाविन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार ऐसी सूचना मिली थी कि एक समूह रामगढ़ ताल क्षेत्र में ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ बेचने गाड़ी से आ रहा है।

पुलिस के अनुसार इस गुप्त सूचना के बाद एएनटीएफ और रामगढ़ ताल पुलिस के साथ वाराणसी और गोरखपुर की एटीएस इकाइयों की संयुक्त टीम ने तारामंडल में एलआईसी बिल्डिंग के पास एक चौकी स्थापित की और वाहन को रोक लिया।

पुलिस का कहना है कि तलाशी लेने पर पुलिस को 3.85 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’, पांच ‘एंड्रॉइड’ मोबाइल फोन, 30,390 रुपये नकद मिले। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली।

रामगढ़ ताल थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा तस्करी के स्रोत का पता लगाने और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि यह जब्ती हाल के महीनों में इस क्षेत्र में उच्च मूल्य वाले ‘हाइड्रोपोनिक गांजा’ की सबसे बड़ी बरामदगी में से एक है।

भाषा सं जफर शफीक राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में