विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है भारत: मुख्यमंत्री योगी

विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है भारत: मुख्यमंत्री योगी

विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है भारत: मुख्यमंत्री योगी
Modified Date: September 3, 2026 / 05:40 pm IST
Published Date: September 3, 2026 5:40 pm IST

मथुरा, तीन सितम्बर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने मथुरा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में राज्य में बड़ा बदलाव आया है और अब यहां दंगों व अशांति के डर के बजाय पर्व और त्योहार मनाए जाते हैं।

योगी ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक विकास को केवल सड़क, बिजली, पानी, इमारतों और उद्योगों के नजरिये से देखा गया जबकि विरासत की अनदेखी की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर विरासत का अपमान होता रहा और इतिहास के नायकों को भारत की स्मृतियों से मिटाने के प्रयास किए गए।

योगी ने मथुरा के इतिहास और मंदिरों पर हुए कथित हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि बार-बार हुए हमलों के बावजूद सनातन परंपराएं कायम रहीं।

उन्होंने कहा, “विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों को नष्ट कर दिया लेकिन क्या वे श्रीकृष्ण की याद को मिटा पाए? क्या वे राधा रानी की याद को मिटा पाए? क्या जन्माष्टमी का उत्सव रुका? क्या वृंदावन में भक्ति रुकी? क्या बरसाना की होली रुकी? क्या गोवर्धन परिक्रमा रुकी? नहीं। यही हमारा सनातन है। यही ब्रज की ताकत है।” मुख्यमंत्री ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए दावा किया कि राम मंदिर का निर्माण लंबे सभ्यतागत संघर्ष का परिणाम है।

उन्होंने कहा, “ये परंपराएं जारी रहीं, सनातन की भावना के साथ आगे बढ़ीं और संघर्ष के लिए नया जोश पैदा किया। नतीजा यह है कि आज अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है।”

योगी ने कहा कि विरासत केवल स्मारकों तक सीमित नहीं है।

उन्होंने कहा, “विरासत हमारे मंदिरों, हमारी भाषा, हमारे साहित्य, हमारे संगीत, हमारी कला, हमारे दर्शन, गणित, विज्ञान, चिकित्सा, कौशल और ज्ञान, हमारी लोक परंपराओं और हमारी ज्ञान परंपरा में बसी है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा संदेश बहुत स्पष्ट है। भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा करेगा।”

योगी ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक आए, जो बेहतर संपर्क व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे का प्रमाण है।

योगी अपने दो दिवसीय दौरे पर कृष्ण नगरी पहुंचे, जहां उन्होंने जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मथुरा जिले में 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 7,240 लाभार्थियों समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक, स्वीकृति पत्र, नियुक्ति पत्र और टूलकिट आदि प्रदान की।

अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से मथुरा-वृंदावन समेत जिले के अन्य धार्मिक स्थलों पर धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाओं, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में