रसोई गैस के सिलेंडर में विस्फोट, कोई हताहत नहीं

Ads

रसोई गैस के सिलेंडर में विस्फोट, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 05:35 PM IST

मथुरा (उप्र), 29 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के छाता क्षेत्र में रविवार तड़के एक मकान में रखे रसोई गैस के सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी की मौत नहीं हुयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण रसोई से सटे कमरे में सो रहे लोग दूसरे कमरे की छत पर चले गये थे और संयोग वश वह इस घटना से बच गये ।

पुलिस सूत्रों के अनुसार छाता थाना क्षेत्र के चौमुहां विकास खंड के भोगांव निवासी मनोज ने बताया कि उसकी भाभी रामवती (35) सुबह पांच बजे अपनी रसोई में चाय बनने के लिए रखकर पशुओं को चारा डालने चली गई थी, तभी सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और रसोई सहित बगल के कमरे की छत ढह गयी।

मनोज के मुताबिक घटना से एक घण्टा पूर्व तक उसके चारों भतीजे—भतीजी उसी कमरे में सो रहे थे, मगर सौभाग्य से बिजली आपूर्ति बाधित हो जाने से दूसरे कमरे की छत पर सोने चले गए थे, जिससे वे सभी विस्फोट का शिकार होने से बच गए।

मनोज ने बताया कि उसके भाई दिगम्बर सिंह की मृत्यु हो चुकी है और उसकी भाभी अकेले ही मेहनत—मजदूरी कर बच्चों का पालन कर रही है।

दूसरी ओर, राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और जल्द ही अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद पीड़िता रामवती को सहायता मिल सकती है।

रामवती ने कहा कि इस हादसे में उसकी पूरी गृहस्थी, खाने-पीने का सामान और कपड़े मलबे में दबकर नष्ट हो गए हैं। उसने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

भाषा सं सलीम रंजन

रंजन