लखनऊ अग्निकांड: मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया, अस्पताल में घायलों से की मुलाकात

Ads

लखनऊ अग्निकांड: मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया, अस्पताल में घायलों से की मुलाकात

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 08:38 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

लखनऊ, 22 जून (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने की सूचना मिलने पर अलीगढ़ का अपना दौरा बीच में ही छोड़कर राजधानी लौटे और घटनास्थल का दौरा करने के साथ-साथ अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री सोमवार शाम को लखनऊ पहुंचने के बाद अलीगंज गए और प्रभावित इमारत का मुआयना किया और बाद में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) जाकर हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री शाम करीब छह बजकर 15 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंचे और उस तीन मंजिला इमारत की स्थिति का जायजा लिया जिसमें यह भीषण आग लगी थी। उन्होंने इमारत की ऊपरी मंजिलों का भी दौरा किया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ थे।

अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आदित्यनाथ केजीएमयू पहुंचे और दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात करके उनका हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन और अधिकारियों को पीड़ितों के लिए हर संभव बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने इस अग्निकांड में मारे गए लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

अस्पताल में मुख्यमंत्री ने एक घायल महिला से बात की जिसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

अधिकारियों के अनुसार अलीगंज की रहने वाली उस महिला ने आदित्यनाथ को बताया कि वह उसी इमारत में काम करती थी। चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि महिला के पैर की हड्डी टूट गई है।

बयान के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल पर मौजूद कुछ चश्मदीदों से भी बातचीत की और घटना के बारे में जानकारी ली।

लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को ऊषा मेहता मार्ग पर स्थित तीन मंजिल की एक व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में एक एनिमेशन सेंटर में पढ़ रहे कई छात्रों समेत कुल 15 लोगों की मौत हो गयी तथा सात अन्य जख्मी हो गये।

भाषा सलीम धीरज

धीरज