दोमुंहा सांप बेचकर लाखों की ठगी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

दोमुंहा सांप बेचकर लाखों की ठगी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

दोमुंहा सांप बेचकर लाखों की ठगी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: June 6, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: June 6, 2026 5:18 pm IST

सहारनपुर(उप्र), छह जून (भाषा) सहारनपुर जिले में दोमुंहा सांप बेचकर लोगों से ठगी करने के आरोप में शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध वन्य जीव तस्करी, धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर थाना कुतुबशेर प्रभारी संतोष कुमार त्यागी ने गश्त के दौरान आस मोहम्मद पुत्र मोहम्मद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिस पर दोमुंहा सांप दिखाकर औषधि के नाम पर आमजन से धोखाधड़ी करना आरोप है। उन्होंने बताया कि उसके कब्जे से व उसकी निशानदेही पर दो दुमुंहे सांप, चार लाख चौरानवे हजार नकद, दो कूटरचित आधार कार्ड, एक कार और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई।

बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आस मोहम्मद ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने आशु गोयल के नाम का आधार कार्ड अपनी पहचान छुपाने और अवैध काम करने के लिए फर्जी तरीके से बनाया हुआ था जबकि उसका वास्तविक नाम आस मोहम्मद है।

बिंदल ने बताया कि लोगों को ठगने वाले गिरोह के शातिर आरोपी को थाना कुतुबशेर पुलिस के प्रयास से गिरफ्तार किया गया और पुलिस उनके अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।

उन्होंने बताया कि बरामद दोमुंहा सांप वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित श्रेणी में आते हैं तथा इनके व्यापार और तस्करी पर प्रतिबंध है।

बिंदल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है क्योंकि यह मामला केवल धोखाधडी तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि जांच में वन्यजीव तस्करी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और संगठित ठगी के पहलू सहित पूरे नेटवर्क की गतिविधि शामिल है।

भाषा सं जफर अमित

अमित


लेखक के बारे में