मेरठ में युवक ने पिता के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या की

Ads

मेरठ में युवक ने पिता के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या की

  •  
  • Publish Date - July 24, 2023 / 04:15 PM IST,
    Updated On - July 24, 2023 / 04:15 PM IST

मेरठ (उप्र) 24 जुलाई (भाषा) मेरठ जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर मवाना थाना क्षेत्र के गांव सठला में सोमवार को एक युवक की उसी के छोटे भाई और पिता ने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कमलेश बहादुर ने बताया कि आज सुबह मवाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव सठला में फिरोज (26) नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।

उन्‍होंने प्रारंभिक छानबीन के आधार पर बताया कि फिरोज ने कुछ साल पहले अलीना नाम की युवती से अदालत में विवाह किया था, जिसका उसके घरवाले विरोध करते थे।

उन्होंने बताया कि अलीना के नाम गांव में कुछ जमीन थी, जिसको बेचने का दबाव फिरोज के पिता मुस्लिम और छोटा भाई जैद डालते थे। आज दोपहर इसी विवाद के चलते फिरोज की उसके छोटे भाई व पिता द्वारा गोली मार कर हत्या कर दी गई।

मवाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के आरोपी हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

भाषा सं. आनन्द प्रशांत

प्रशांत