रंजिश को लेकर व्यक्ति ने की चाचा की गोली मारकर हत्या

Ads

रंजिश को लेकर व्यक्ति ने की चाचा की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 10:11 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), 15 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर शिव मंदिर जा रहे एक व्यक्ति को उसके भतीजे ने कार से उतारकर गोली मार दी। इस घटना में उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने रविवार को ‘पीटीआई—भाषा’ को बताया कि गढ़िया रंगीन क्षेत्र में वीरेश (52) आज महाशिवरात्रि के मौके पर दोपहर बाद मंदिर जा रहा था। इसी बीच तीन कारों में उसके पांच भतीजे साथ में चल रहे थे।’’

अधिकारी ने बताया कि जब वीरेश की कार गढिया रंगीन से आगे पहुंची तभी पीछे चल रहे उसके भतीजों ने उसकी कार में कई बार टक्कर मारी, जिससे उसकी कार खाई में चली गई।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी भतीजों में से किसी ने वीरेश को गोली मार दी जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे में वीरेश की कार में सवार पांच लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गये।

द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और प्रथम दृश्यता पूछताछ में जानकारी हुई है की चाचा और भतीजे के बीच जमीन को लेकर विवाद था जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

भाषा सं सलीम रंजन

रंजन