कौशांबी (उप्र), दो फरवरी (भाषा) कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कौशांबी के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चाय की दुकान संचालित करने वाले कानेमई गांव निवासी गणेश प्रसाद लोधी (55) रविवार रात लोधी अपने घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे तभी देर रात अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर उनके सिर पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम और पुलिस के अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताया है।
उन्होंने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी