योगी सरकार में कृषि क्षेत्र में हुआ व्यापक बदलाव- सूर्य प्रताप शाही

Ads

योगी सरकार में कृषि क्षेत्र में हुआ व्यापक बदलाव- सूर्य प्रताप शाही

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 09:04 PM IST

लखनऊ/देवरिया (उप्र), 21 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के नौ वर्षों में कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधारों, किसानों को सीधे लाभ, सिंचाई विस्तार, उत्पादन वृद्धि और तकनीकी हस्तक्षेपों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को एक नए कृषि मॉडल के रूप में स्थापित किया गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार ने ना केवल किसानों की आय बढ़ाई, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की दिशा में अग्रसर किया।

देवरिया में पत्रकारों से बातचीत में शाही ने कहा कि पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, अपहरण, फिरौती, माफिया राज और जंगलराज का बोलबाला था, जिसे पूरी तरह समाप्त किया जा चुका है। इसी के साथ सरकार ने किसानों को भारी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है।

उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले प्रदेश के किसान हर साल आत्महत्या करने पर मजबूर होते थे। वे हताश और निराश थे एवं भय के वातावरण में जी रहे थे। खाद, बिजली और पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं थी।

शाही ने कहा कि 2017 में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले किसानों को राहत देने का बड़ा निर्णय किया और 86 लाख किसानों का 36,000 करोड़ रुपये का बैंक कर्ज माफ किया। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से लागू की गई ताकि किसानों को आत्महत्या से बचाया जा सके और वे एक नई शुरुआत कर सकें।

कृषि मंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने उत्कृष्ट बीज उपलब्ध कराने, पर्याप्त खाद की व्यवस्था करने और सिंचाई संसाधनों का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दिया। पुरानी नहरों को ठीक कराया गया और अधूरी परियोजनाओं को पूरा कर 30 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा प्रदान की गई।

उन्होंने कहा कि 16 लाख किसानों के नलकूपों के बिजली बिल माफ किए गए और 3600 करोड़ रुपये का बिजली बिल सरकार भर रही है। गन्ना किसानों की स्थिति सुधारने के लिए लंबित भुगतान जारी किया गया। अब तक तीन लाख 15 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है।

शाही ने कहा कि गन्ना मूल्य को 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया गया, जिससे किसानों की आय में सीधा इजाफा हुआ और वे आर्थिक रूप से मजबूत हुए।

कृषि मंत्री ने बताया कि 2017 में प्रदेश का खाद्यान्न उत्पादन 547 लाख मीट्रिक टन था, जो 2024-25 में बढ़कर 737 लाख मीट्रिक टन हो गया है। उत्तर प्रदेश आज खाद्यान्न उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। इसके अलावा, दूध उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। आम, गेहूं, धान और गन्ना उत्पादन में भी प्रदेश देश में नंबर-1 है।

भाषा राजेंद्र सुरभि

सुरभि