उप्र के मेरठ से घर से बिना बताए निकले चार नाबालिग, ऋषिकेश से 24 घंटे में बरामद

Ads

उप्र के मेरठ से घर से बिना बताए निकले चार नाबालिग, ऋषिकेश से 24 घंटे में बरामद

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 06:21 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 06:21 PM IST

मेरठ, 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ के सरधना क्षेत्र से घर से बिना बताए निकले चार नाबालिग बच्चों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उत्तराखंड के ऋषिकेश से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सरधना थाना क्षेत्र के अक्खेपुर गांव निवासी तीन नाबालिग बच्चे नौ सितंबर को दोपहर करीब एक बजे बिना बताए घर से चले गए थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि तीनों बच्चे भामौरी गांव पहुंचे और वहां के करीब 14 वर्षीय एक अन्य बच्चे को भी अपने साथ ले गए।

सरधना पुलिस ने तीन टीमें गठित कीं और एएचटीयू मेरठ की टीम को भी तलाश में लगाया गया। तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने चारों बच्चों का पता लगाया और उन्हें ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घूमने के लिए बिना बताए घर से निकले थे। वे पहले हरिद्वार गए और वहां से देहरादून होते हुए ऋषिकेश पहुंचे। पैसे खत्म होने के बाद वे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पहुंच गए थे।

पुलिस के मुताबिक, बच्चों के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना होने की जानकारी नहीं मिली है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद चारों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

भाषा सं. जफर रंजन

रंजन