मथुरा, नौ मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों द्वारा नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दायर कर जांच शुरू कर दी है।
मांट क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम की है, जिसके बारे में पीड़िता ने परिजनों को शनिवार को जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज की।
उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव की लड़की अपने सात वर्षीय भाई के साथ जंगल की ओर गई थी। वहीं घात लगाकर बैठे दीपक नाम के लड़के ने उसे पकड़ लिया और खेत में घसीट ले गया। वहीं उसका दोस्त विकास भी आ गया। विरोध करने पर दोनों ने उसके पैर बांधकर उससे दुष्कर्म किया और किसी के आने की आहट सुन भाग गए।
बाद में लड़की किसी प्रकार खुद को बंधन मुक्त कर घर पहुंची। दहशत के चलते उसने किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन अगले दिन उसे गुमसुम देख मां ने पूछा तो लड़की ने इस बारे में मां को बता दिया।
पुलिस उपाधीक्षक सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से मिली तहरीर पर दोनों नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता की चिकित्सकीय जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत