आचार संहिता उल्लंघन मामला : आप सांसद संजय सिंह मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को

Ads

आचार संहिता उल्लंघन मामला : आप सांसद संजय सिंह मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 09:53 PM IST

सुलतानपुर, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की एक स्थानीय सांसद/विधायक अदालत में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 अप्रैल की तारीख निर्धारित की है।

संजय सिंह के अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि सुनवाई के दौरान विवेचक अनूप कुमार से जिरह की गई। इसके बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को तय की।

इससे पहले, 19 मार्च को गवाहों की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई टल गई थी। वहीं, 27 फरवरी को एफआईआर लेखक अजीत कुमार ने अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया था, जिस पर बचाव पक्ष ने जिरह की थी। मामले के जांच अधिकारी अनूप कुमार सिंह की गवाही पहले ही पूरी हो चुकी है।

यह मामला वर्ष 2021 में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकला क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन से जुड़ा है। आरोप है कि 13 अप्रैल 2021 को हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति सभा आयोजित की गई थी।

इस संबंध में पुलिस ने संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया।

इस मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है। संजय सिंह के लगातार अनुपस्थित रहने पर अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। बाद में जुलाई 2024 में उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें 20 हजार रुपये के दो जमानत मुचलकों और निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

इससे पूर्व जून में विशेष अदालत ने आरोपियों की डिस्चार्ज अर्जी खारिज करते हुए आरोप पत्र स्वीकार किया था और सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए थे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत