… सुमन रे …
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा कि विश्व कप फाइनल में उनका दिल लियोनेल मेस्सी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना के साथ है, लेकिन दिमाग कहता है कि स्पेन के पास खिताब जीतने का बेहतर मौका है। विश्व कप का खिताबी मुकाबला रविवार को यूरोप की दिग्गज टीम स्पेन और दक्षिण अमेरिका की मजबूत टीम अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। जमील ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘मेरा दिल तो मेस्सी और अर्जेंटीना के साथ है, इसमें कोई संदेह नहीं। मेरा परिवार भी अर्जेंटीना का समर्थन करता है और मुझे भी मेस्सी पसंद हैं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन स्पेन शानदार फॉर्म में है। उसका पलड़ा भारी नजर आता है। टीम अच्छी लय में है और पूरे टूर्नामेंट में उसने सिर्फ एक गोल खाया है। उनका मिडफील्ड बेहद मजबूत है और अग्रीम पंक्ति के खिलाड़ी काफी आक्रामक हैं। खासकर लामिन यामाल बहुत तेज और बेहतरीन खिलाड़ी हैं।’’ जमील ने कहा, ‘‘ स्पेन अगर शुरुआती गोल कर देता है तो मैच उसी के पक्ष में जा सकता है। अर्जेंटीना अगर 70वें मिनट तक मुकाबले को बराबरी पर रखता है तो नतीजा उसके पक्ष में जा सकता है। इंग्लैंड और मिस्र के खिलाफ उसने शानदार वापसी करके यह साबित किया है। मुझे लगता है कि मुकाबला बराबरी का होगा।’’ स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 जबकि अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट पक्का किया। जमील ने कहा, ‘‘मैंने टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का आनंद लिया। हर टीम ने पूरा दम लगाया। स्पेन, फ्रांस और इंग्लैंड सभी ने अच्छा खेल दिखाया। जो टीम बेहतर खेली, वही फाइनल में पहुंची।’’ उन्होंने कहा, ‘‘स्पेन का रक्षण काफी मजबूत रहा है। उसने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक गोल गंवाया है। दूसरी ओर अर्जेंटीना भी मेस्सी की अगुवाई में शानदार खेल रहा है।’’ भाषा आनन्द नमितानमिता