निवेशकों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा नए भारत का नया उत्तर प्रदेश: योगी आदित्यनाथ

Ads

निवेशकों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा नए भारत का नया उत्तर प्रदेश: योगी आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - March 12, 2024 / 10:58 PM IST,
    Updated On - March 12, 2024 / 10:58 PM IST

लखनऊ, 12 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि नये भारत का नया उत्तर प्रदेश निवेशकों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा।

योगी ने मंगलवार को यहां ‘इन्वेस्ट यूपी’ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया तथा निवेशकों के साथ संवाद भी किया।

एक अधिकारिक बयान के अनुसार इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘‘ बीते सात वर्षों में उत्तर प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए बहुत से बदलाव किए गए हैं और आगे भी बदलाव होने जा रहे हैं, क्योंकि यह आज की आवश्यकता है।’’

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करना है तो हमें अधिक से अधिक निवेश को आकर्षित करना ही पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि देश और दुनिया के निवेशक जिन्होंने हम पर विश्वास जताया है, उनके विश्वास पर यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश पूरी तरह खरा उतरकर उनकी भावनाओं के अनुरूप एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उन्हें उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर निवेशकों ने उप्र में निवेश को लेकर अपनी राय रखी और सुझाव भी दिए। योगी ने सभी को ध्यान से सुना। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ‘इन्वेस्ट यूपी’ की पुस्तिका का भी विमोचन किया।

योगी ने कहा, ‘‘ आज से सात वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पर कोई विश्वास नहीं करता था। हम जिससे भी बात करते थे वह उत्तर प्रदेश से अपने निवेश को ले जाने की बात तो करता था लेकिन लाने के लिए कोई व्यक्ति तैयार नहीं होता था। आज आप देख रहे होंगे देश के अंदर निवेश कैसे होता है उप्र उसकी एक नजीर प्रस्तुत करता है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर एक निवेशक हमारे लिए अभिनंदनीय होना चाहिए और हमें उनको अधिकाधिक सुविधा संपन्न बनाना होगा तथा सुरक्षित माहौल भी देना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा व्यवहार शासक और प्रजा का नहीं बल्कि हम प्रजा के सेवक के रूप में कार्य करेंगे। वे यहां निवेश करेंगे तो उसकी सुरक्षा की गारंटी हमको देनी ही पड़ेगी। हरेक प्रकार की सुरक्षा उसको उपलब्ध कराना शासन की मंशा है।’’

योगी ने भरोसा दिया सरकार उसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ दूसरे राज्य की एक टीम ने हाल ही में मुझसे पूछा कि क्या आपके यहां सचमुच बजट आज 7.5 लाख करोड़ का है? आज से छह वर्ष पहले तो यह दो लाख करोड़ का था। तब हमने कहा कि यह छह वर्ष पहले का उत्तर प्रदेश नहीं है। यह नया उत्तर प्रदेश है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मानना है कि बजट 10 लाख करोड़ से ऊपर का होना चाहिए।

भाषा आनन्द खारी

खारी

ताजा खबर