नोएडा श्रमिक आंदोलन: अफवाहें फैलाने के आरोप में दो ‘सोशल मीडिया हैंडल’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नोएडा श्रमिक आंदोलन: अफवाहें फैलाने के आरोप में दो ‘सोशल मीडिया हैंडल’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ, 13 अप्रैल (भाषा) नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बीच इस मामले में अफवाहें फैलाने के आरोप में दो ‘सोशल मीडिया हैंडल’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कहा है कि सरकार श्रमिकों के हितों के प्रति पूरी संवेदनशील है और सभी पक्षों से संवाद के माध्यम से शीघ्र समाधान का आह्वान करती है।
उन्होंने कहा कि जानबूझकर अराजकता फैलाने, सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को क्षति पहुंचाने तथा हिंसा व आगजनी के षड्यंत्र में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि नोएडा में श्रमिक आंदोलन की स्थिति पर लगातार उच्चस्तरीय निगरानी रखी जा रही है।
डीजीपी कृष्ण और अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश नियंत्रण कक्ष से पल-पल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
पुलिस के बयान में कहा गया है, ‘‘गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों और लोगों को भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।’’
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अफवाह फैलाने के आरोप में दो ‘एक्स’ हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है।
इसके अलावा 50 से अधिक ऐसे ‘बॉट हैंडल’ चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें पिछले 24 घंटे में बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार ये हैंडल नोएडा में श्रमिकों से जुड़े मुद्दे पर अफवाह फैलाने तथा भ्रामक सूचना फैलाने का सुनियोजित प्रयास कर रहे हैं।
डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) उक्त सभी हैंडल्स के डिजिटल ट्रेल की विस्तृत जांच करेगा।
उन्होंने कहा कि अफवाह एवं दुष्प्रचार के जरिए कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे समस्त हैंडल्स के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
डीजीपी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना, वीडियो, पोस्ट या संदेश पर भरोसा न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें।
पुलिस ने कहा कि नोएडा में कथित रूप से बाहरी तत्वों के उकसावे पर कई स्थानों पर प्रदर्शन और एक जगह पर हिंसा हुई, जिसे न्यूनतम बल का उपयोग करके काबू में कर लिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस घटना के दौरान कोई गोलीबारी नहीं की गई है और लोगों से आग्रह है कि वे गलत जानकारी न फैलाएं।
पुलिस का यह बयान नोएडा में कई स्थानों पर वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों के हिंसक आंदोलन के बीच आया है।
पुलिस ने लोगों से एक बार फिर अपील की कि अपुष्ट सूचना साझा करने से बचें और शांति बनाए रखें।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने शाम सात बजे पुलिस मुख्यालय से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश के साथ नोएडा के समस्त थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों और नोएडा में कानून-व्यवस्था बरकरार रखने में जुटे राजपत्रित अधिकारियों को संबोधित किया।
सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर तैनात रहते हुए मोबाइल के माध्यम से इस वीडियो कांफ्रेंस में शामिल हुए।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रमिकों के साथ सहानुभूतिपूर्ण एवं निरंतर संवाद बनाए रखा जाए, किसी भी स्थिति में संयम न खोया जाए तथा अराजकता फैलाने, आगजनी एवं तोड़फोड़ करने अथवा अफवाहें फैलाने वाले तत्वों को चिह्नित करके उनके विरुद्ध दृढ़तापूर्वक कानूनी कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की प्राथमिकता है कि प्रत्येक स्थिति का समाधान शांति, संवाद और संवेदनशीलता के साथ निकाला जाए।
उन्होंने कहा, “हम श्रमिक भाइयों-बहनों से अपील करते हैं कि वे पूरी तरह शांति एवं संयम बनाए रखें। प्रदेश सरकार श्रमिक बंधुओं के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा सभी पक्षों से संवाद के माध्यम से शीघ्र समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन जानबूझकर अराजकता फैलाने, सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को क्षति पहुंचाने तथा हिंसा व आगजनी के षड्यंत्र में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ उत्तर प्रदेश शासकीय एवं सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। क्षतिग्रस्त संपत्ति के लिए वसूली भी संबंधित व्यक्तियों से की जाएगी।”
डीजीपी ने कहा, “मैं लोगों को भी आश्वस्त करना चाहता हूं कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस शांति, सुरक्षा व जन सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
भाषा सलीम आनन्द जोहेब
जोहेब

Facebook


