संभल (उप्र), 10 अगस्त (भाषा) संभल में आस्था के साथ देश भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला जिसके तहत हरिद्वार से 251 फुट लंबे तिरंगे से सजी कांवड़ लेकर 40 कांवड़ियों का एक जत्था यहां आया है। आयोजकों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
श्रद्धालुओं के इस समूह ने हरिद्वार की ‘हर की पौड़ी’ से संभल तक लगभग 200 किलोमीटर की दूरी छह दिनों में तय की। ये श्रद्धालु मंगलवार को सावन के पवित्र महीने में ‘शिव तेरस’ के मौके पर बहजोई ब्लॉक के सादात बाड़ी गांव में प्राचीन श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर में गंगाजल चढ़ाएंगे।
इस कांवड़ का मुख्य आकर्षण 251 फुट लंबा तिरंगा है, जिसका रास्ते में कई जगहों पर स्वागत किया गया। इस कांवड़ यात्रा में 40 कांवड़ियों के अलावा, 50 से ज़्यादा ग्रामीण भी इस समूह की मदद कर रहे थे।
चंदौसी तहसील के दूधापुर गांव के चंद्रपाल सिंह ने बताया कि समूह चार अगस्त को हरिद्वार के लिए निकला था और छह दिन में यात्रा पूरी करके लौटा। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार शिव तेरस 15 अगस्त के करीब पड़ रही थी, इसलिए हमने देशभक्ति का प्रतीक तिरंगा कांवड़ लाने का फैसला किया। तिरंगा 251 फुट लंबा है। शायद देश में कहीं भी इतनी बड़ी कांवड़ नहीं निकाली गई है।’
एक अन्य प्रतिभागी टिंकू कुमार ने बताया कि समूह भगवान शिव और देवी दुर्गा की मूर्तियां लेकर चल रहा था और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे लगा रहा था। उन्होंने कहा कि समूह के साथ चल रहा डीजे देश भक्ति के गाने भी बजा रहा था।
कांवड़ियों ने बताया कि उन्हें यात्रा के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई और रास्ते में पुलिस बल तैनात मिला और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध थीं। समूह सोमवार शाम करीब छह बजे अपने गांव पहुंचा, जहां कांवड़िये डीजे की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। वे मंगलवार को पातालेश्वर महादेव मंदिर में गंगाजल चढ़ाएंगे और कांवड़ समर्पित करेंगे।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार